रैकोवा पंचायत में 500 मोमबत्तियों का बिल, तस्वीर में 50 भी नहीं
पांच हजार रुपये की खरीदी पर उठे सवाल, ग्रामीणों ने जांच की मांग की; सचिव बोले- बिल सही है
500 नग के हिसाब से पांच हजार का बिल
जानकारी के अनुसार पंचायत के रिकॉर्ड में 500 नग मोमबत्तियों की कीमत 10 रुपये प्रति नग के हिसाब से कुल पांच हजार रुपये दर्ज बताई जा रही है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध बताए जा रहे बिल में मोमबत्ती के अलावा माचिस, लट्टू सहित अन्य सामग्री का भी उल्लेख है।
लेकिन कार्यक्रम की सामने आई तस्वीर में जितनी मोमबत्तियां दिखाई दे रही हैं, उनकी संख्या बिल में दर्ज 500 नग से काफी कम नजर आती है। इसी अंतर को लेकर ग्रामीणों के बीच चर्चा शुरू हो गई है।
मौके पर मौजूद युवक ने भी उठाए सवाल
गांव के एक जागरूक युवक ने कार्यक्रम की तस्वीर उपलब्ध कराते हुए दावा किया कि वह 17 सितंबर को पंचायत भवन में मौजूद था। उसके अनुसार कार्यक्रम में गिनती की ही मोमबत्तियां जलाई गई थीं। कुछ ग्रामीणों का दावा है कि मौके पर उपयोग की गई मोमबत्तियों की कीमत करीब 400 से 500 रुपये के आसपास ही रही होगी।
हालांकि, इन दावों की वास्तविकता जांच का विषय है। यही वजह है कि ग्रामीण अब बिल, भुगतान रिकॉर्ड, खरीदी की वास्तविक मात्रा और कार्यक्रम के दौरान इस्तेमाल हुई सामग्री का मिलान कर जांच कराने की मांग कर रहे हैं।
सचिव बोले—पांच हजार की मोमबत्तियां जलाई गईं
मामले में ग्राम पंचायत रैकोवा के सचिव छोटेलाल ने बिल को सही बताते हुए कहा कि पांच हजार रुपये की मोमबत्तियां जलाई गई थीं। दूसरी ओर, कार्यक्रम में मौजूद होने का दावा करने वाले कुछ ग्रामीण इससे अलग जानकारी दे रहे हैं।
अब दोनों दावों के बीच वास्तविकता क्या है, यह जांच के बाद ही सामने आएगा।
जांच में खुल सकता है पूरा हिसाब
ग्रामीणों का कहना है कि यदि पंचायत के बिल, भुगतान वाउचर, संबंधित दुकानदार का रिकॉर्ड, खरीदी की मात्रा और कार्यक्रम की तस्वीरों का मिलान कराया जाए तो स्थिति स्पष्ट हो सकती है। उनका आरोप है कि पंचायत में होने वाले प्रत्येक खर्च की पारदर्शी तरीके से जांच होनी चाहिए।
इस संबंध में जनपद पंचायत बुढ़ार के सीईओ राजीव ने कहा कि मामला जानकारी में आया है और इसकी जांच कराई जाएगी।
अब देखना यह है कि जांच में 500 नग मोमबत्तियों की खरीदी का दावा सही साबित होता है या फिर रिकॉर्ड और मौके की तस्वीर के बीच सामने आया यह अंतर किसी बड़ी अनियमितता की ओर इशारा करता है।



0 Comments