Header Ads Widget

अधिकारों के प्रति जागरूकता और कर्तव्यों के प्रति समर्पण ही सशक्त राष्ट्र की पहचान – जिला न्यायाधीश हिदायत उल्ला खान

 अधिकारों के प्रति जागरूकता और कर्तव्यों के प्रति समर्पण ही सशक्त राष्ट्र की पहचान – जिला न्यायाधीश हिदायत उल्ला खान

देशभक्ति की ओजस्वी कविता से विद्यार्थियों में भरा राष्ट्रप्रेम का उत्साह, समर्पण भाव की अनुशासित शिक्षा को बताया सफलता का मूलमंत्र

देपालपुर - राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार आयोजित न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह के अंतर्गत शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, देपालपुर में विद्यार्थियों के अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने के उद्देश्य से एक प्रेरणादायी विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन तहसील विधिक सेवा समिति देपालपुर के अध्यक्ष एवं जिला न्यायाधीश हिदायत उल्ला खान की अध्यक्षता में किया गया।


 शिविर में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए जिला न्यायाधीश हिदायत उल्ला खान ने कहा कि अधिकार हमें सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर प्रदान करते हैं, जबकि कर्तव्य हमें एक जिम्मेदार नागरिक बनाते हैं। किसी भी राष्ट्र की वास्तविक उन्नति तभी संभव है, जब उसके नागरिक अपने अधिकारों के प्रति सजग होने के साथ-साथ अपने कर्तव्यों के प्रति भी पूरी निष्ठा और ईमानदारी से समर्पित हों।


उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के अधिकार, बाल अधिकार, समानता, गरिमा एवं सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को भयमुक्त वातावरण में शिक्षा प्राप्त करने, अपनी प्रतिभा विकसित करने तथा सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार है।


 *देशभक्ति की कविता से जगाई राष्ट्रप्रेम की अलख* 


कार्यक्रम का सबसे भावपूर्ण एवं प्रेरणादायी क्षण वह रहा, जब जिला न्यायाधीश श्री खान ने विद्यार्थियों के समक्ष देशभक्ति से ओतप्रोत ओजस्वी कविता का पाठ किया। कविता की पंक्तियों में देश के प्रति प्रेम, समर्पण, त्याग और राष्ट्र के गौरव का संदेश समाहित था। उनकी प्रभावशाली प्रस्तुति ने विद्यार्थियों के मन में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना को नई ऊर्जा प्रदान की। पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति के भाव से ओतप्रोत हो उठा।


उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि ईमानदारी से पढ़ाई करना, अपने माता-पिता एवं गुरुजनों का सम्मान करना, सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा करना, कानून का पालन करना तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को बढ़ावा देना भी सच्ची देशभक्ति है।


 *नशे से हमेशा दूर रहने और अनुशासन व समर्पण भाव से परिश्रम कर सफलता अर्जित करने का किया आह्वान* 



विद्यार्थियों को जीवन में सफलता प्राप्त करने के सूत्र बताते हुए जिला न्यायाधीश श्री खान ने कहा कि जीवन में ऊंचा मुकाम हासिल करने के लिए प्रतिभा के साथ अनुशासन, संस्कार, निरंतर परिश्रम और सकारात्मक सोच का होना अत्यंत आवश्यक है।


उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में अपने लक्ष्य निर्धारित कर उनकी प्राप्ति हेतु पूरी ईमानदारी एवं लगन से प्रयास करें। मोबाइल एवं इंटरनेट का उपयोग ज्ञानवर्धन और रचनात्मक कार्यों के लिए करें तथा नशे, साइबर अपराध और गलत संगति जैसी बुराइयों से सदैव दूर रहें।


कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने जिला न्यायाधीश के प्रेरक विचारों को उत्सुकता एवं गंभीरता से सुना। उनके सरल, आत्मीय और प्रभावशाली संवाद ने विद्यार्थियों को अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें जीवन में एक जिम्मेदार नागरिक और श्रेष्ठ इंसान बनने की प्रेरणा भी दी।


इस अवसर पर विद्यालय के उपप्राचार्य राकेश चौहान, शिक्षिका श्रीमती अर्पणा कश्यप,हेमलता पाठक,रोशनी टोण्डर, रेखा रावल, अपूर्वा परमार, विभा पाण्डेय,आयुषी तिवारी, राजेश्वरी तोमर, प्रतिभा पाण्डेय,खुशबू अंगूरे, सोहन परमार,वैभव सेन, पराग जोशी एवं अमित सिंह सहित समस्त विद्यालय स्टाफ एवं छात्रगण उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments