जल की एक-एक बूंद को सहेजने के लिए करना होगा सामूहिक प्रयास- कलेक्टर
जल गंगा संवर्धन अभियान को बनाएं जनआंदोलन:- कलेक्टर
शहडोल जिले में 19 मार्च से 30 जून तक चलेगा जल गंगा संवर्धन अभियान
कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने जल संरक्षण एवं संवर्धन हेतु शहडोल जिले में 19 मार्च से प्रारंभ होने वाले जल गंगा संवर्धन अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों की बैठक ली। कलेक्टर ने कहा कि जल ही जीवन है, इसलिए जल की एक-एक बूंद को सहेजने के लिए हम सभी को मिलकर कार्य करना होगा।
उन्होंने बताया कि 19 मार्च से 30 जून 2026 तक जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, गणमान्य नागरिक और आमजन की सहभागिता से इसे जनआंदोलन बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहडोल जिले में पर्यावरण संरक्षण, जल संरचनाओं के संवर्धन तथा जल स्रोतों के पुनर्जीवन के लिए विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जाएं।उन्होंने कहा कि निजी और शासकीय जल स्रोतों को राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज कराना सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले में विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे अधूरे निर्माण कार्यों को यथाशीघ्र पूर्ण कराया जाए। साथ ही जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत नालियों, तालाबों, बावड़ियों सहित अन्य जल स्रोतों की साफ-सफाई कराना सुनिश्चित करें और लोगों को जल का महत्व बताने के लिए जन चौपाल का भी आयोजन किया जाए।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सोहागपुर श्रीमती अमृता गर्ग, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री मुद्रिका सिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश मिश्रा सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


0 Comments