आंधी-तूफान का कहर: गिरवा साप्ताहिक बाजार में पेड़ गिरने से महिला की मौत, कई घायल

शहडोल/अमलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गिरवा के साप्ताहिक बाजार में आज साम अचानक मौसम खराब होने से तेज आंधी-तूफान ने कहर बरपा दिया। तेज हवाओं के चलते बाजार के बीचों-बीच खड़ा एक विशाल पेड़ अचानक गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आकर एक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, वहीं कई व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मृतक महिला बाजार में सब्जी की दुकान लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करती थी। रोज की तरह वह आज भी अपनी दुकान पर बैठी थी, तभी अचानक आए तूफान के कारण पेड़ गिर गया और वह उसकी चपेट में आ गई। घटना इतनी भयावह थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

घटना के बाद बाजार में हड़कंप मच गया। हर तरफ लोग अपने परिजनों को ढूंढते नजर आए। घायल व्यक्ति को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में पुराने और जर्जर पेड़ पहले से ही खतरा बने हुए थे, लेकिन प्रशासन द्वारा इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया। अगर समय रहते इन पेड़ों की छंटाई या हटाने की व्यवस्था की जाती, तो शायद यह हादसा टल सकता था।

सूचना मिलते ही अमलाई पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा

प्रशासन से मांग:

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि बाजार क्षेत्र में खतरनाक पेड़ों की तुरंत जांच कर उचित कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


यह घटना एक बार फिर से प्राकृतिक आपदाओं के बीच सुरक्षा इंतजामों की कमी को उजागर करती है।