बुढार पुलिस द्वारा अवैध रेत परिवहन पर कार्यवाही, ट्रैक्टर-ट्रॉली जप्त
शहडोल जिले में अवैध उत्खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बुढार पुलिस द्वारा प्रभावी कार्यवाही करते हुए अवैध रेत परिवहन में संलिप्त एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जप्त कर आरोपी चालक सहित वाहन स्वामी के विरुद्ध प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। दिनांक 23 जून 2026 को रात्रि गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक ट्रैक्टर बिना पंजीयन क्रमांक के अवैध रेत लोड कर ग्राम हर्री की ओर से केशवाही की तरफ जा रहा है। सूचना पर तत्काल कार्यवाही करते हुए पुलिस टीम द्वारा केशवाही स्थित मस्जिद चौराहा के पास घेराबंदी कर उक्त ट्रैक्टर को रोककर जांच की गई। जांच के दौरान ट्रॉली में भारी मात्रा में रेत लोड पाई गई। चालक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम सुरेश सिंह पाव पिता कमोल सिंह पाव, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम सकरा, चौकी केशवाही बताया। पूछताछ में चालक द्वारा बताया गया कि वाहन स्वामी बीरेंद्र प्रताप सिंह पिता केशरी सिंह, उम्र 36 वर्ष, निवासी ग्राम केशवाही के कहने पर हर्री नदी से रेत लोड कर बिक्री हेतु केशवाही लाया जा रहा था। रेत से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं होने पर पुलिस द्वारा अवैध रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को विधिवत जप्त कर आरोपी चालक एवं वाहन स्वामी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा खनिज अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। उक्त कार्यवाही थाना प्रभारी बुढार निरी. विनय सिंह गहरवार के निर्देशन में उपनिरीक्षक गंगा सिंह मार्को एवं आरक्षक गणेश सिंह की सराहनीय भूमिका रही।


0 Comments