Header Ads Widget

जैतपुर कमता में जर्जर सड़क बनी मुसीबत, कॉलेज तिराहे से पेट्रोल पंप तक गड्ढों और कीचड़ का साम्राज्य

 जैतपुर कमता में जर्जर सड़क बनी मुसीबत, कॉलेज तिराहे से पेट्रोल पंप तक गड्ढों और कीचड़ का साम्राज्य



शहडोल। जिले के जनपद पंचायत बुढार अंतर्गत ग्राम पंचायत जैतपुर कमता में सड़क की बदहाल स्थिति आम नागरिकों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बनती जा रही है। कॉलेज तिराहे से पेट्रोल पंप तक की मुख्य सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है, जहां जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे और कीचड़ भरे दलदल जैसे हालात देखने को मिल रहे हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, बरसात शुरू होने से पहले ही सड़क की हालत खराब थी, लेकिन पहली ही बारिश में सड़क का वास्तविक हाल सामने आ गया। जगह-जगह पानी भर जाने से सड़क तालाब जैसी नजर आने लगी है, जिससे राहगीरों, दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

सबसे अधिक परेशानी पेट्रोल पंप तक आने-जाने वाले वाहनों को हो रही है। पेट्रोल और डीजल लेकर आने वाले टैंकरों को भी इस मार्ग से गुजरने में काफी मुश्किलें उठानी पड़ रही हैं। कई बार गड्ढों और कीचड़ के कारण वाहन फंसने की स्थिति बन जाती है, जिससे दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क की मरम्मत को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों और ग्राम पंचायत को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। ग्राम पंचायत के अधिकारी और कर्मचारी इस गंभीर समस्या को नजरअंदाज करते हुए जैसे अनजान बने बैठे हैं।

स्थानीय लोगों में इस लापरवाही को लेकर आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उनका कहना है कि अगर जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई, तो आने वाले समय में बड़ी दुर्घटनाएं हो सकती हैं।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जनपद पंचायत बुढार से मांग की है कि इस सड़क की स्थिति का तत्काल निरीक्षण कराकर जल्द से जल्द मरम्मत कार्य शुरू कराया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके और आवागमन सुचारू रूप से चल सके

Post a Comment

0 Comments