Header Ads Widget

वनरक्षक से वनपाल बनीं रोशनी साहु, पिपिंग समारोह में पदोन्नति का सम्मान

 वनरक्षक से वनपाल बनीं रोशनी साहु, पिपिंग समारोह में पदोन्नति का सम्मान


बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में आज रविवार को आयोजित एक गरिमामय पिपिंग समारोह में वन विभाग की कर्मठ अधिकारी रोशनी साहु को वनरक्षक से पदोन्नत कर वनपाल बनाया गया। इस अवसर पर क्षेत्र संचालक डॉ. अनुपम सहाय एवं उप संचालक श्री योहन कटारा ने उनके कंधों पर वनपाल पद के स्टार लगाकर सम्मानित किया और पुष्पगुच्छ भेंट कर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

रोशनी साहु शहडोल जिले के खाम्हीडोल निवासी श्री रामनिवास साहू की धर्मपत्नी हैं। उनकी इस महत्वपूर्ण उपलब्धि से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। शुभचिंतकों और परिचितों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

रोशनी साहु ने 18 अगस्त 2008 को वन विभाग में वनरक्षक के रूप में अपनी सेवा शुरू की थी। लगभग 18 वर्षों की निष्ठापूर्ण, अनुशासित एवं उत्कृष्ट सेवा के बाद उन्हें वनपाल पद पर पदोन्नति मिली है। यह उपलब्धि उनके समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदार कार्यशैली का प्रतिफल मानी जा रही है।

अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने वन एवं वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उनकी कार्यकुशलता, जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता को देखते हुए विभाग द्वारा उन्हें कई बार सम्मानित भी किया जा चुका है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, उनका पूरा कार्यकाल उपलब्धियों से भरा रहा है और उनकी कार्यशैली अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

समारोह के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने तालियों की गूंज के बीच उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि रोशनी साहु ने सदैव ईमानदारी और अनुशासन के साथ कार्य करते हुए वन संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

समारोह के अंत में वन विभाग परिवार ने उन्हें वनपाल पद पर पदोन्नति की हार्दिक बधाई देते हुए उनके सफल एवं उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

Post a Comment

0 Comments