घुम्माडोल पंचायत में निर्माण कार्यों में अनियमितता की आशंका, जनपद उपाध्यक्ष ने सीईओ को सौंपा शिकायत पत्र
शहडोल। जनपद पंचायत बुढ़ार अंतर्गत ग्राम पंचायत घुम्माडोल में तीन निर्माण कार्यों को लेकर वित्तीय अनियमितता की आशंका जताई गई है। जनपद पंचायत उपाध्यक्ष एवं शिक्षा स्थायी समिति के अध्यक्ष हर्ष प्रताप सिंह ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत बुढ़ार को लिखित शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
शिकायत में प्राथमिक विद्यालय डोकीबुड़ी की बाउंड्रीवाल, अमर सिंह के खेत के पास चेकडैम निर्माण और खनिज मद से बने सामुदायिक भवन की जांच कराने की मांग की गई है।
शिकायत के अनुसार, प्राथमिक विद्यालय की बाउंड्रीवाल का निर्माण पहले जनभागीदारी योजना के तहत कराया जा चुका था। इसके बावजूद वर्ष 2023-24 में डीएमएफ मद से इसी कार्य के लिए लगभग 15 लाख रुपये की स्वीकृति एवं व्यय का उल्लेख किया गया है। वहीं, अमर सिंह के खेत के पास जनपद पंचायत मद से लगभग 4 लाख रुपये की लागत से चेकडैम निर्माण तथा वर्ष 2023 में खनिज मद से निर्मित सामुदायिक भवन की गुणवत्ता और वास्तविक स्थिति पर भी सवाल उठाए गए हैं।
जनपद उपाध्यक्ष ने तीनों कार्यों का मौके पर भौतिक सत्यापन, तकनीकी मूल्यांकन, स्वीकृत राशि, माप पुस्तिका (एमबी), बिल-वाउचर और भुगतान संबंधी अभिलेखों की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने शिकायत में कहा है कि जांच पूरी होने तक संबंधित अभिलेख सुरक्षित रखे जाएं तथा अनियमितता प्रमाणित होने पर जिम्मेदार अधिकारियों और अन्य दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
अब देखना होगा कि शिकायत पर जनपद पंचायत बुढ़ार के अधिकारी क्या कदम उठाते हैं और जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं।


0 Comments