Header Ads Widget

जैतपुर-कमता मार्ग बदहाल: बारिश में हालात और बिगड़े, राहगीर परेशान

 जैतपुर-कमता मार्ग बदहाल: बारिश में हालात और बिगड़े, राहगीर परेशान

शहडोल/जैतपुर, – जनपद पंचायत बुढार अंतर्गत ग्राम पंचायत जैतपुर-कमता में कॉलेज तिराहा से पेट्रोल पंप तक जाने वाली मुख्य सड़क की हालत दिन-ब-दिन बद से बदतर होती जा रही है। बरसात के मौसम में यह मार्ग कीचड़ और गड्ढों से भर गया है, जिससे आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों लोग, छात्र-छात्राएं और व्यापारी गुजरते हैं, लेकिन सड़क की खराब स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। हालात इतने खराब हैं कि कभी-कभी पेट्रोल-डीजल के टैंकर तक इस रास्ते से गुजरने में दिक्कत महसूस करते हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत द्वारा न तो इस सड़क पर ठीक से ग्रेवल डाला गया है और न ही सीसी रोड निर्माण की कोई ठोस योजना बनाई जा रही है। सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि यह मार्ग मुख्य सड़क से जुड़ा हुआ है, जहां प्राथमिकता के आधार पर पक्के निर्माण कार्य होने चाहिए थे, लेकिन इसके बावजूद आज भी सड़क पर कीचड़ और गड्ढों का साम्राज्य है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि पंचायत में कमीशनखोरी के चलते उन जगहों पर निर्माण कार्य किए जा रहे हैं जहां जरूरत कम है, जबकि इस महत्वपूर्ण मार्ग की लगातार अनदेखी की जा रही है।


प्रशासन से मांग। 

स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस सड़क का निरीक्षण कराकर सीसी रोड का निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।

Post a Comment

0 Comments