कीचड़ में तब्दील हुई मढ़सा की गलियां, ग्रामीणों में आक्रोश
खेत और सड़क में फर्क करना मुश्किल, आवागमन को तरसे ग्रामीण; पंचायत की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
शहडोल/बुढार। जनपद पंचायत बुढार अंतर्गत ग्राम पंचायत भटिया के ग्राम मढ़सा में सड़क और गली-मोहल्लों की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। लगातार बारिश के बाद गांव की गलियां इस कदर कीचड़ में तब्दील हो गई हैं कि कई जगह सड़क और खेत में फर्क करना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों को पैदल चलने से लेकर रोजमर्रा के आवागमन तक में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव की गलियों में लंबे समय से सड़क निर्माण अथवा मरम्मत की जरूरत बनी हुई है, लेकिन आज तक इन रास्तों पर न तो पर्याप्त मुरम डाली गई और न ही सीसी रोड या ग्रेवल रोड बनाने की दिशा में गंभीर पहल की गई। बारिश होते ही रास्तों की हालत और खराब हो जाती है।
पंचायत के निर्माण कार्यों पर भी सवाल
ग्रामीणों के बीच यह सवाल भी उठ रहा है कि ग्राम पंचायत क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर नाली, पुलिया और सड़क सहित अन्य निर्माण कार्य होते दिखाई देते हैं, लेकिन मढ़सा के इन मोहल्लों की बदहाल गलियां पंचायत की नजर से क्यों ओझल हैं?
ग्रामीणों का आरोप है कि जहां वास्तव में सड़क की जरूरत है, वहां काम नहीं हो रहा, जबकि अन्य स्थानों पर निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। इसी को लेकर कुछ ग्रामीण पंचायत की प्राथमिकताओं और निर्माण कार्यों की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
लेकिन ग्रामीणों की शिकायत है कि उनकी मूलभूत समस्या का समाधान लंबे समय से नहीं हुआ है। उनका कहना है कि पंचायत को सबसे पहले उन रास्तों पर ध्यान देना चाहिए जहां लोगों का रोजाना आवागमन होता है।
क्या मढ़सा के ग्रामीणों के साथ हो रहा सौतेला व्यवहार?
ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत के सरपंच एवं सचिव से सवाल करते हुए कहा कि क्या मढ़सा के लोगों को भी बेहतर सड़क और मूलभूत सुविधाएं पाने का अधिकार नहीं है? बारिश के मौसम में बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और बीमार लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ती है।
अब ग्रामीणों की नजर प्रशासन पर है। खबर सामने आने के बाद क्या पंचायत स्तर पर बदहाल रास्तों का निरीक्षण कर तत्काल मुरम/ग्रेवल अथवा सीसी रोड की व्यवस्था की जाएगी, या फिर ग्रामीण इसी तरह कीचड़ के बीच आवागमन करने को मजबूर रहेंगे? यह देखने वाली बात होगी।
ग्रामीणों ने जनपद पंचायत एवं जिला प्रशासन से मढ़सा की गलियों का स्थल निरीक्षण कराकर जल्द स्थायी सड़क व्यवस्था कराने की मांग की है।


0 Comments