मिलादुन्नबी के बाद 786 यूनिट रक्तदान का संकल्प
केसवाही में आयोजित रक्तदान शिविर में 13 यूनिट रक्त एकत्रित, रक्तदाताओं को मिला सम्मान
केसवाही। मिलादुन्नबी के पावन अवसर के बाद समाजसेवा की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए एक माह तक चलने वाले 786 यूनिट रक्तदान अभियान की शुरुआत की गई है। इसी अभियान के तहत 27 सितंबर 2026 को केसवाही नगर के मस्जिद चौक में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
केसवाही में यह मुस्लिम समाज द्वारा आयोजित पहला रक्तदान शिविर था, बावजूद इसके समाज के लोगों में रक्तदान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में युवाओं एवं समाज के लोगों ने आगे बढ़कर रक्तदान किया। शिविर में कुल 13 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
रक्तदान शिविर के लिए शहडोल जिला अस्पताल से टीम केसवाही पहुंची, जिसने रक्तदाताओं से रक्त एकत्रित किया। रक्तदान करने वाले सभी लोगों को सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा उनके समाजसेवा के इस कार्य की सराहना की गई।
आयोजकों के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य जिले के विभिन्न मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में रक्तदान शिविर आयोजित कर कुल 786 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य पूरा करना है। अभियान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता का संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है।
शिविर के समापन अवसर पर शहडोल से आई रक्तदान टीम ने केसवाही मुस्लिम समाज के सभी रक्तदाताओं और आयोजन से जुड़े लोगों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। टीम ने कहा कि समाजसेवा के ऐसे कार्यों में इसी तरह आगे बढ़कर सहभागिता करते रहें, ताकि केसवाही से पूरे जिले और समाज में मानव सेवा एवं रक्तदान का सकारात्मक संदेश पहुंचे।
समाज के लोगों ने भी भविष्य में इस तरह के जनसेवा के कार्यों को और व्यापक स्तर पर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।



0 Comments