Header Ads Widget

जनसुनवाई में कलेक्टर को आवेदन: पुलिस अभिरक्षा में बोलेरो के क्षतिग्रस्त होने का आरोप, ₹3.52 लाख भुगतान की मांग

 जनसुनवाई में कलेक्टर को आवेदन: पुलिस अभिरक्षा में बोलेरो के क्षतिग्रस्त होने का आरोप, ₹3.52 लाख भुगतान की मांग


शहडोल। जिला कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में ग्राम झीकबिजुरी निवासी मो. सज्जाद हुसैन, पिता स्व. नजमुद्दीन ने अपनी बोलेरो वाहन क्रमांक MP-65-T-1051 को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन में उन्होंने वाहन के पुलिस अभिरक्षा में रहने के दौरान क्षतिग्रस्त होकर टोटल लॉस होने का आरोप लगाते हुए वाहन की मरम्मत/क्षतिपूर्ति तथा लंबित अधिग्रहण किराए सहित कुल 3 लाख 52 हजार 317 रुपये के भुगतान की मांग की है।

आवेदक के अनुसार उनकी बोलेरो को पुलिस अधीक्षक शहडोल के आदेश पर 22 जनवरी 2026 से चौकी दरसिला द्वारा शासकीय कार्य के लिए अधिग्रहित किया गया था। आवेदन में उन्होंने वाहन को अधिग्रहण पर लिए जाने का शासकीय प्रमाण-पत्र भी होने का उल्लेख किया है। आवेदक का कहना है कि वाहन से होने वाली आय से वह अपनी वृद्ध मां, तीन बहनों सहित परिवार का भरण-पोषण करते हैं।

3 मार्च को वाहन ले जाने का दावा

आवेदन के मुताबिक 3 मार्च 2026 को पुलिस अभिरक्षा के दौरान वाहन में गंभीर तोड़फोड़ हुई और एक आपराधिक मामले के सिलसिले में वाहन को छत्तीसगढ़ के थाना केल्हारी में जब्त किया गया था। इसके बाद न्यायालय के आदेश से 2 जुलाई 2026 को वाहन वापस मिलने का उल्लेख आवेदन में किया गया है।

मो. सज्जाद ने आरोप लगाया है कि वाहन वापस मिलने पर उसके महत्वपूर्ण पुर्जे गायब थे तथा इंजन में बड़ी मात्रा में रेत/बालू डाले जाने से वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आवेदन में वाहन को टोटल लॉस बताते हुए महामाया मोटर्स द्वारा 2 लाख 2 हजार 317 रुपये का तकनीकी कोटेशन जारी किए जाने का उल्लेख किया गया है।

125 दिनों के अधिग्रहण किराए का भी दावा

आवेदन में आवेदक ने 125 दिनों के लंबित वैध अधिग्रहण किराए के रूप में 1 लाख 50 हजार रुपये की राशि का दावा किया है। वाहन की क्षति के लिए 2,02,317 रुपये तथा अधिग्रहण किराए को मिलाकर उन्होंने शासन से कुल 3,52,317 रुपये का भुगतान कराने की मांग की है।

बैंक किस्त और परिवार की आर्थिक परेशानी का हवाला

आवेदक ने बताया कि बोलेरो ही उनके परिवार की आय का प्रमुख साधन थी। वाहन बंद होने के कारण परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहा है। उन्होंने आवेदन में वाहन की 13,600 रुपये मासिक बैंक ईएमआई का भी उल्लेख किया है और कहा है कि किस्त चुकाना मुश्किल हो रहा है।

आवेदन में मो. सज्जाद ने पूर्व में कलेक्टर कार्यालय, सीएम हेल्पलाइन सहित अन्य स्थानों पर की गई शिकायतों का भी उल्लेख किया है। साथ ही उन्होंने अपने और परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताते हुए उचित कार्रवाई की मांग की है।

कलेक्टर से जांच और भुगतान की मांग

जनसुनवाई में दिए गए आवेदन के माध्यम से आवेदक ने कलेक्टर से पूरे मामले की जांच कराते हुए वाहन की क्षति का भुगतान, लंबित अधिग्रहण किराए की राशि दिलाने तथा पूर्व शिकायतों पर कार्रवाई करने की मांग की है।

गौरतलब है कि आवेदन में लगाए गए वाहन क्षति, पुर्जे गायब होने और अन्य आरोप आवेदक के पक्ष से हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है। संबंधित पुलिस विभाग एवं अन्य अधिकारियों का पक्ष सामने आने के बाद मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Post a Comment

0 Comments