जयसिंगनगर में आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी की हुंकार: जमीनी स्तर पर लड़ाई लड़ने का लिया संकल्प
जयसिंगनगर/शहडोल - शहडोल जिले की जयसिंगनगर तहसील में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और भीम आर्मी की एक महत्वपूर्ण जिला स्तरीय बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में आगामी संगठनात्मक गतिविधियों, क्षेत्र की समस्याओं और समाज के वंचित वर्गों के अधिकारों को लेकर विस्तार से रणनीति बनाई गई।
जमीनी स्तर पर मज़बूत होगा संगठन
बैठक को संबोधित करते हुए आजाद समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष कैलाश कुमार अहिरवार ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि पार्टी अब केवल बैठकों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि जमीनी स्तर पर उतरकर जनता की लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि शोषितों और पीड़ितों की आवाज को बुलंद करना ही पार्टी का मुख्य उद्देश्य है और इसके लिए गाँव-गाँवजाकर संगठन को मजबूत किया जाएगा।
जल्द होगी जिला समीक्षा बैठक
वहीं, भीम आर्मी के जिला संयोजक राजेश कुशवाहा ने संगठन की सक्रियता पर बात करते हुए आगामी कार्ययोजना साझा की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रियता और संगठन की वर्तमान स्थिति का आकलन करने के लिए जल्द ही एक जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में भविष्य के आंदोलनों और सदस्यता अभियान की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
कार्यकर्ताओं में दिखा भारी उत्साह
बैठक के दौरान जयसिंगनगर और आसपास के क्षेत्रों से आए कार्यकर्ताओं ने अपनी बात रखी और स्थानीय मुद्दों से पदाधिकारियों को अवगत कराया। बैठक का मुख्य केंद्र बिंदु संगठन की एकता और आने वाले समय में जनहित के मुद्दों पर उग्र आंदोलन की तैयारी रहा।
इस अवसर पर आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी के बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

0 Comments