Header Ads Widget

नहीं दूंगा, जो करना है कर लो', सिलेंडर मांगने पर एजेंसी मैनेजर ने युवक के साथ की हाथापाई, दर्ज हुई शिकायत

 'नहीं दूंगा, जो करना है कर लो', सिलेंडर मांगने पर एजेंसी मैनेजर ने युवक के साथ की हाथापाई, दर्ज हुई शिकायत


शहडोल (मध्य प्रदेश): प्रदेश में एलपीजी सिलेंडरों की किल्लत और डिलीवरी में हो रही देरी अब विवादों का कारण बनने लगी है। ताजा मामला शहडोल जिले के जयसिंहनगर का है, जहां एक एचपी गैस एजेंसी (अमझोर) पर सिलेंडर की जानकारी लेने पहुंचे युवक के साथ मैनेजर द्वारा अभद्रता करने का मामला सामने आया है।


पीड़ित युवक अभिजीत कुमार यादव जब अपनी बुकिंग के बावजूद सिलेंडर न मिलने की शिकायत लेकर एजेंसी पहुंचे, तो वहां हंगामा खड़ा हो गया। युवक का आरोप है कि उसे सिलेंडर डिलीवर होने का मैसेज तो मिल गया था, लेकिन असल में गैस नहीं दी गई थी। जब उसने इस पूरी प्रक्रिया का वीडियो बनाना शुरू किया, तो मैनेजर अपना आपा खो बैठा। वीडियो में मैनेजर को साफ तौर पर यह कहते सुना जा सकता है कि, 'तू वीडियो बना, तुझे जहां भेजना है भेज दे, मैं तुझे गैस नहीं दूंगा। मैनेजर ने युवक को धमकी देते हुए वीडियो रिकॉर्डिंग बंद करने की कोशिश की।


पीड़ित ने पुलिस में दर्ज करवाई शिकायत


अभिजीत यादव के अनुसार, जब उन्होंने सिलेंडर मिलने का समय पूछा, तो मैनेजर ने न केवल बदतमीजी की बल्कि कैमरा नीचे करने का दबाव बनाते हुए मोबाइल छीनने और हाथापाई करने लगे. पीड़ित युवक ने इस घटना की लिखित शिकायत जयसिंहनगर थाने में दर्ज कराई है। युवक ने घटना का वीडियो साक्ष्य के रूप में पुलिस को सौंप दिया है।

 

घटना ने गैस वितरण प्रणाली पर उठाए सवाल 


मध्य प्रदेश के कई हिस्सों से ऐसी खबरें आ रही हैं, जहां समय पर डिलीवरी न होने के कारण एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ जमा हो रही है। इस घटना ने एक बार फिर गैस वितरण प्रणाली और एजेंसी प्रबंधकों के व्यवहार पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Post a Comment

0 Comments