Header Ads Widget

शहडोल नगर पालिका को मिलेगी गौ एंबुलेंस की सुविधा, सेवा हेतु जिला प्रशासन ने दी 7.50 लाख रुपये की स्वीकृति

शहडोल  नगर पालिका को मिलेगी गौ एंबुलेंस की सुविधा, सेवा हेतु जिला प्रशासन ने दी 7.50 लाख रुपये की स्वीकृति 

शहडोल | दिनांक – 29अप्रैल 2026 

नगर पालिका परिषद, शहडोल द्वारा गौसेवा एवं गौ संरक्षण के कार्यों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से गौ एंबुलेंस की मांग जिला प्रशासन से की गई थी। उक्त मांग पर सहमति प्रदान करते हुए शहडोल कलेक्टर डॉ. केदार सिंह द्वारा जिला खनिज प्रतिष्ठान (डीएमएफ) योजना अंतर्गत 7 लाख 50 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।

नगर पालिका परिषद, शहडोल द्वारा लगभग 25 लाख रुपये की कार्ययोजना तैयार कर जिला प्रशासन को प्रेषित की गई थी, जिसके तहत गौ संरक्षण एवं प्रबंधन से संबंधित विभिन्न कार्य प्रस्तावित किए गए थे। कलेक्टर द्वारा गौ संरक्षण के दृष्टिगत गौ एंबुलेंस सेवा हेतु प्रथम किश्त के रूप में यह राशि स्वीकृत की गई है।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी ने जानकारी देते हुए बताया कि स्वीकृत राशि के आधार पर नगर पालिका द्वारा शीघ्र ही निविदा प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी, जिससे गौ एंबुलेंस सेवा का संचालन जल्द शुरू किया जा सके। उन्होंने कहा कि इस पहल से गौसेवा एवं संरक्षण कार्यों को मजबूती मिलेगी तथा घायल एवं असहाय पशुओं को त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।

जिला कलेक्टर द्वारा गौ संरक्षण हेतु राशि स्वीकृत किए जाने पर नगर पालिका अध्यक्ष श्री घनश्याम दास जायसवाल, उपाध्यक्ष श्री प्रवीण शर्मा, नेता प्रतिपक्ष श्री शक्ति लक्ष्यकार एवं पार्षदगणों द्वारा जिला प्रशासन के प्रति आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया गया है।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने यह भी कहा कि इस पहल से नगर क्षेत्र में गौ संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा तथा पशुओं के प्रति संवेदनशीलता और सेवा की भावना को और अधिक सशक्त किया जा सकेगा।

Post a Comment

0 Comments