क्रूज हादसे में 28 लोगों की जान बचाने वाले प्रत्येक श्रमिक को 51-51 हजार रूपये की राशि देने की घोषणा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बरगी हादसे की उच्च स्तरीय जांच के दिये निर्देश
घटना के दोषियों को बख्शा नहीं जायेगा – मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बरगी हादसे में राहत और बचाव कार्य का लिया जायजा
पीडि़तों के परिजन को चार-चार लाख रूपये की आर्थिक सहायता दी जायेगी- मुख्यमंत्री डॉ. यादव
संकट की घड़ी में सरकार पीडि़तों के साथ है - डॉ. यादव
मुख्यमंत्री जबलपुर में पीडि़त परिवारों के निवास जाकर दी सांत्वना
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बरगी बांध में हुई क्रूज़ दुर्घटना की उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के दोषियों को बख्शा नहीं जायेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने क्रूज पर सवार पर्यटकों की जान बचाने वाले प्रत्येक श्रमिक को 51-51 हजार रूपये की राशि देने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह बात बरगी बांध के घटना स्थल में चल रहे राहत और बचाव कार्य के अवलोकन के दौरान कही। इसके पहले मुख्यमंत्री ने जबलपुर पहुंचकर क्रूज हादसे में पीडि़त तीन परिवारों के निवास जाकर शोक संवेदनाएं व्यक्त की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दुर्घटना स्थल पर चल रहे राहत और बचाव कार्य के निरीक्षण के दौरान कहा कि हादसे से बचाव अभियान में जल जीवन मिशन के आठ से अधिक कर्मियों, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और सेना के कुशल गोताखोरों ने मिलकर कार्य किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रशासन ने इस पूरे घटनाक्रम में सक्रियता से कार्य किया। उन्होंने कहा कि सचिव होमगार्ड नागरिक सुरक्षा और संभागायुक्त जबलपुर द्वारा घटना की सूक्ष्मता से तीन बिंदुओ पर जांच की जायेगी, जिसमें दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाना, तत्कालीन परिस्थितियों का विश्लेषण करना और क्रूज संचालन से जुड़ी सभी प्रासंगिक नियम व खामियों की जांच करना शामिल है। जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए एक एसओपी तैयार की जा सके।
इन बिंदुओं पर होगी उच्च स्तरीय जांच -
• दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाना
• तत्कालीन परिस्थितियों का विश्लेषण करना
• क्रूज़ संचालन से जुड़ी सभी प्रासंगिक नियमों व खामियों की जांच करना
मुख्यमंत्री ने बताया कि घटना में 28 लोगों को बचाया जा चुका है तथा 9 लोगों के शव बरामद किये गये हैं, रेस्क्यू अभियान अभी जारी है। उन्होंने कहा कि पीडि़तों के परिजनों को 4-4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता दी जायेगी। संकट की इस घड़ी में सरकार पीडि़तों के साथ है। डॉ. यादव ने बताया कि घटना में प्रभावित परिवारों से मिलकर उन्होंने सांत्वना दी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राहत कार्य में संलग्न सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, जल निगम और विद्युत विभाग के लोगों से बचाव व राहत के संबंध में संवाद किया।
इस दौरान उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा, लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह, संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास और धर्मस्व राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार श्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी, सांसद श्री आशीष दुबे, विधायक श्री नीरज सिंह, श्री अशोक रोहाणी एवं श्री संतोष बरकड़े, महापौर श्री जगत बहादुर सिंह अन्नू, ग्रामीण भाजपा अध्यक्ष श्री राजकुमार पटेल, नगर अध्यक्ष श्री रत्नेश सोनकर, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री अखिलेश जैन, एसीएस श्री संजय दुबे, कमिश्नर श्री धनंजय सिंह, एमडी पर्यटन बोर्ड डॉ. इलैया राजा, डीआईजी श्री अतुल सिंह, कलेक्टर श्री राघवेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री संपत उपाध्याय, जिला पंचायत के सीईओ श्री अभिषेक गहलोत सहित सभी अधिकारी मौजूद थे


0 Comments