खैरहा में हजरत मकबूल शाह दाता रह. अलैह का 83वां उर्स पाक अकीदत के साथ सम्पन्न, डायमंड जुबली बनी खास आकर्षण
उर्स के इस खास मौके पर रायपुर के अब्दुल करीम अशरफी के द्वारा दरगाह में कलश स्थापना कराने की घोषणा की गई
शहडोल जिले के खैरहा में हजरत मकबूल शाह दाता रहमतुल्लाह अलैह का 83वां उर्स पाक बड़े ही अकीदत और शानो-शौकत के साथ मनाया गया। इस पावन मौके पर दूर-दूर से आए अकीदतमंदों ने दरगाह शरीफ में हाजिरी देकर अमन, चैन और खुशहाली की दुआ मांगी।
उर्स के दौरान विशेष रूप से परम आदरणीय अजीत कुमार शुक्ला, अधिवक्ता हाईकोर्ट, के उर्स में 75 वर्ष पूर्ण होने पर उनकी डायमंड जुबली भी बड़े ही गरिमामय तरीके से मनाई गई, जो इस आयोजन का मुख्य आकर्षण रही। इस अवसर पर समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने शुक्ला जी के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में रायपुर से पधारे बाबा अब्दुल करीम अशरफी ने दरगाह शरीफ में कलश स्थापना कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह कार्य दरगाह की रौनक और आध्यात्मिक महत्व को और बढ़ाएगा। साथ ही उन्होंने अजीत कुमार शुक्ला जी की डायमंड जुबली को यादगार बनाने के उद्देश्य से इस घोषणा को समर्पित किया।
उर्स के दौरान कव्वाली, फातिहा, चादरपोशी और लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और सूफियाना माहौल में खुद को सराबोर किया।
इस सफल आयोजन में कमेटी के सदस्यों की अहम भूमिका रही, जिनमें अध्यक्ष इरशाद अहमद, उपाध्यक्ष अख्तर रजा, सरपरस्त हाजी राशिद कादरी साहब, सलाहकार शहजाद भाई, इम्तियाज अहमद, मुबीन भाई, निसार भाई, इकबाल भाई, शरीफ, नूर मोहम्मद, इरशाद कलाम, बड़कू भाई और तनवीर भाई सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पूरे कार्यक्रम के दौरान खैरहा क्षेत्र में भाईचारे, एकता और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला, जिससे माहौल पूरी तरह आध्यात्मिक और उत्साहपूर्ण बना रहा।



0 Comments