Header Ads Widget

SECL के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल: सुभाष चौक पर धरना, चक्का जाम से थमा यातायात, मांगें मानने का आश्वासन

 SECL के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल: सुभाष चौक पर धरना, चक्का जाम से थमा यातायात, मांगें मानने का आश्वासन 


एसईसीएल (SECL) के कथित तानाशाही रवैये और धनपुरी नगर की बदहाल मूलभूत सुविधाओं को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बुढार ने जोरदार आंदोलन छेड़ दिया। पूर्व चेतावनी के बावजूद मांगों पर कोई कार्रवाई न होने से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धनपुरी के सुभाष चौक पर धरना प्रदर्शन किया और चक्का जाम कर प्रशासन व कंपनी प्रबंधन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।

यह आंदोलन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बुढार के अध्यक्ष अंकित सिंह के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जबकि मंच संचालन अमलाई मंडलम अध्यक्ष ओंकार सिंह ने किया। बुढार, धनपुरी और अमलाई क्षेत्र के सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक इस विरोध में शामिल हुए।

एक सप्ताह पहले दी थी चेतावनी, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई

कांग्रेस कमेटी ने एक सप्ताह पूर्व ही एसईसीएल धनपुरी को ज्ञापन सौंपकर कई गंभीर समस्याओं के निराकरण की मांग की थी। इसमें प्रमुख रूप से—

सड़कों पर उड़ रही धूल पर नियंत्रण

स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार

अवैध निर्माण पर रोक

जर्जर सड़कों का निर्माण

दूषित पेयजल से मुक्ति और शुद्ध पानी की व्यवस्था

जैसी मांगें शामिल थीं। लेकिन निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बाद भी जब कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो कांग्रेस ने आंदोलन का रास्ता अपनाया।

चक्का जाम से बढ़ा दबाव, हरकत में आया प्रबंधन

धरना-प्रदर्शन के साथ किए गए चक्का जाम से कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिससे प्रशासन और एसईसीएल प्रबंधन पर दबाव बना। आखिरकार कंपनी के अधिकारी धरना स्थल पर पहुंचे और कांग्रेस नेताओं से चर्चा कर सभी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त किया गया।

जनता के मुद्दों पर आर-पार की लड़ाई का संकेत

कांग्रेस नेताओं ने साफ कहा कि यदि तय समय में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि एसईसीएल की लापरवाही के कारण क्षेत्र की जनता धूल, खराब सड़कों और दूषित पानी जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रही है।

इनकी रही प्रमुख उपस्थिति

इस आंदोलन में रामसजीवन शर्मा, मुबारक मास्टर, राम सिंह, आनंद मोहन जायसवाल, मो. आजाद, संतोष सिंह सेंगर, ईबरार खान, शोभाराम पटेल, पार्षद नईम खान, रामेश्वर गौतम, इंद्र कुमार मिश्रा, बकहो नगर अध्यक्ष जवाहर राव, धनपुरी मंडलम अध्यक्ष अनिल जायसवाल, नीलम सिंह, नेहा खान, नीलम शुक्ला, सुजाता बैरागी, आदिवासी नेता विमल सिंह, चम्पा केवट, आदिवासी कांग्रेस प्रदेश सचिव प्रदीप रावत, युवा कांग्रेस नेता विक्की पटेल, आरिफ अफरीदी, निक्की तिवारी, आदिल खान, शिवम सिंह, संदीप कुशवाहा, रवि सिंह सेंगर, अखंड प्रताप सिंह, मोहसिन खान, रविकांत शर्मा, निजाम खान, मो. रियाज, विकास कुमार, फैज खान, अनिकेत पनिका, जुहैब खान, राशिब, संजीव कोल, संदीप कोल, अब्दुल फरीद, संदीप, राकेश, राहुल पनिका, वसीम खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि एसईसीएल अपने वादों पर कितना खरा उतरता है या फिर यह आश्वासन भी कागजों तक ही सीमित रह जाएगा।

Post a Comment

0 Comments