जैतपुर वार्ड क्रमांक 01 की सड़क बदहाल, गड्ढों और जलभराव से त्रस्त जनता
शहडोल जिले के जैतपुर क्षेत्र से एक बार फिर विकास कार्यों की जमीनी हकीकत सामने आई है, जहां वार्ड क्रमांक 01 की मुख्य सड़क अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढों में भरे पानी ने इस मार्ग को खतरनाक बना दिया है, जिससे रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह ग्रेवल रोड लंबे समय से जर्जर हालत में है। बारिश के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जब गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो जाती है। ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वालों के लिए यहां से गुजरना किसी जोखिम से कम नहीं है। आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं होती रहती हैं, जिसमें लोगों के चोटिल होने की घटनाएं आम हो चुकी हैं।
हैरानी की बात यह है कि जैतपुर विधानसभा क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण शासकीय कार्यालय मौजूद हैं, इसके बावजूद वार्ड क्रमांक 01 की इस प्रमुख सड़क की ओर जिम्मेदारों का ध्यान नहीं जा रहा है। ग्राम पंचायत स्तर पर अन्य निर्माण कार्यों के लिए लाखों के बिल पास किए जाते हैं, लेकिन इस अत्यंत आवश्यक सड़क के निर्माण या मरम्मत के लिए कोई ठोस पहल नजर नहीं आती।
स्थानीय जनता का कहना है कि यदि ग्राम पंचायत के जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी चाहें तो इस सड़क को सीसी रोड या मजबूत गिट्टी-मुरूम डालकर बेहतर बनाया जा सकता है, लेकिन वर्षों से यह मुद्दा सिर्फ कागजों तक सीमित होकर रह गया है। सवाल उठता है कि आखिर प्राथमिकता तय करने में इतनी लापरवाही क्यों बरती जा रही है?
प्रदेश में विकास के दावे लगातार किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर जैतपुर का यह हाल कई सवाल खड़े करता है। क्या मुख्यमंत्री मोहन यादव की विकास यात्रा जैतपुर पहुंचते-पहुंचते थम गई है, या फिर इस सड़क निर्माण की फाइलें भी दफ्तरों में धूल खा रही हैं?
जनप्रतिनिधियों की भूमिका भी इस मामले में सवालों के घेरे में है। जैतपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक और जिम्मेदार जनप्रतिनिधि आखिर इस गंभीर समस्या से अनजान क्यों बने हुए हैं? जिले में बैठे अधिकारी और संबंधित विभाग के कर्मचारी भी इस ओर ध्यान देने से क्यों कतरा रहे हैं?
अब जैतपुर की जनता खुलकर सवाल पूछ रही है—क्या यही विकास है, जहां नाम बड़ा लेकिन काम छोटा नजर आता है? वर्षों से बदहाल इस सड़क से गुजरने वाले लोग कब तक इस समस्या को झेलते रहेंगे?
जरूरत इस बात की है कि संबंधित विभाग तत्काल संज्ञान लेते हुए इस सड़क का स्थायी समाधान करे, ताकि लोगों को राहत मिल सके और क्षेत्र में वास्तविक विकास की तस्वीर सामने आ सके



0 Comments