Header Ads Widget

शहडोल: केशवाही पंचायत में बिल घोटाले की आशंका, रोजमर्रा के सामान पर निकाले जा रहे पैसे

 शहडोल: केशवाही पंचायत में बिल घोटाले की आशंका, रोजमर्रा के सामान पर निकाले जा रहे पैसे



शहडोल जिले के जनपद पंचायत बुढार अंतर्गत ग्राम पंचायत केशवाही इन दिनों गंभीर आरोपों के चलते सुर्खियों में है। यहां विकास कार्यों की जगह अब रोजमर्रा के घरेलू सामानों के नाम पर बिल लगाकर राशि आहरण किए जाने का मामला सामने आया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, पंचायत में कृतिका किराना एवं जनरल स्टोर के बिलों के माध्यम से रिफाइंड तेल, आटा, सूजी, शक्कर, बेसन जैसे खाद्य सामग्रियों का भुगतान दर्शाया गया है। सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर इन सामग्रियों का उपयोग किस कार्य में किया गया? क्या यह सामग्री किसी शासकीय योजना में उपयोग हुई या फिर निजी उपयोग में लाई गई?


स्थानीय लोगों में इसको लेकर भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत में सरपंच और सचिव की मिलीभगत से सरकारी राशि का दुरुपयोग किया जा रहा है। बिना किसी स्पष्ट कार्य या योजना के इस तरह के बिल पास होना सीधे तौर पर वित्तीय अनियमितता की ओर इशारा करता है।


मामले की गंभीरता को देखते हुए अब ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जांच नहीं हुई, तो पंचायत स्तर पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार उजागर हो सकता है।


अब सवाल यह है कि क्या प्रशासन इस पूरे मामले की जांच कर सच्चाई सामने लाएगा या फिर यह मामला भी अन्य मामलों की तरह दबा दिया जाएगा?

Post a Comment

0 Comments