Header Ads Widget

विश्व हाथी दिवस के अवसर पर वन विभाग ने स्कूली बच्चों को दी हाथियों से बचाव की जानकारी

 विश्व हाथी दिवस के अवसर पर वन विभाग ने स्कूली बच्चों को दी हाथियों से बचाव की जानकारी



केसवाही/शहडोल। दक्षिण वन मंडल शहडोल में दिनांक 10 अगस्त से 12 अगस्त 2026 तक विश्व हाथी दिवस के अवसर पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में वन परिक्षेत्र केसवाही अंतर्गत ग्राम गिरवा में वन विभाग की टीम द्वारा शासकीय हाई स्कूल गिरवा पहुंचकर स्कूली बच्चों को हाथियों के संरक्षण एवं हाथियों से सुरक्षित बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।


कार्यक्रम के दौरान वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि हाथी वन्यजीव पारिस्थितिकी तंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और इनके संरक्षण के लिए आमजन की जागरूकता बेहद जरूरी है। हाथियों के प्राकृतिक आवास एवं उनके विचरण क्षेत्र में अनावश्यक रूप से जाने से बचने तथा हाथियों के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं करने की सलाह दी गई।

वन विभाग की टीम ने बच्चों को विशेष रूप से बताया कि यदि किसी क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी दिखाई दे तो उनके नजदीक जाने, फोटो या वीडियो बनाने तथा उन्हें उकसाने का प्रयास न करें। हाथी दिखाई देने पर सुरक्षित दूरी बनाए रखें और इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दें। साथ ही हाथियों के झुंड और उनके संभावित मार्ग से दूरी बनाए रखने के संबंध में भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।

अधिकारियों ने बच्चों को यह भी समझाया कि वन्यजीवों और मानव के बीच बेहतर सामंजस्य बनाए रखने के लिए लोगों का जागरूक होना आवश्यक है। विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे अपने परिवार एवं आसपास के ग्रामीणों को भी हाथियों से बचाव और वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूक करें।

विश्व हाथी दिवस के अवसर पर आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूली बच्चों में हाथियों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने के साथ-साथ मानव-हाथी संघर्ष को कम करने के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी देना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

वन विभाग द्वारा आयोजित इस पहल की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों से ग्रामीण क्षेत्रों में वन्यजीवों के प्रति समझ बढ़ने और मानव एवं वन्यजीवों के बीच बेहतर संतुलन स्थापित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

Post a Comment

0 Comments