अज्ञात असामाजिक तत्वों ने दुकान में लगाई आग, 8-10 लाख का सामान जलकर खाक, थाने में दर्ज हुई शिकायत
जयसिंहनगर/ग्राम पंचायत तेंदूडोल: गुरुवार रात ग्राम पंचायत तेंदूडोल में एक बड़ी आगजनी की घटना सामने आई है। दुकानदार कमलेश रैदास की दुकान को अज्ञात लोगों ने निशाना बनाते हुए आग के हवाले कर दिया। इस घटना में पीड़ित दुकानदार को भारी आर्थिक क्षति पहुंची है। परिवार बहुत दुखी है और इस मामले में कमलेश ने सीधी थाना में शिकायत दर्ज कराई है।
असामाजिक तत्वों ने दुकान में लगाई आग
जानकारी के अनुसार, घटना 19-20 तारीख की देर रात की है जब पूरा गांव सोया हुआ था। अज्ञात शरारती तत्वों ने दुकान में आग लगा दी। आग इतनी भीषण थी कि जब तक आसपास के लोगों को भनक लगती और उस पर काबू पाने की कोशिश की जाती, तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।
पीड़ित ने थाने में दर्ज कराई शिकायत
पीड़ित कमलेश ने बताया कि दुकान में रखे राशन के सामान, काउंटर और लाखों रुपये पूरी तरह नष्ट हो गए हैं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस आगजनी में लगभग 8 से 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। यह कमलेश के परिवार की जीविका का मुख्य साधन था। पीड़ित कमलेश ने तेंदूडोल सरपंच सुरेश सिंह और जनपद सदस्य पंकज पनिका के साथ सीधी थाना में जाकर मामला दर्ज करवाया है।
दुकान में आगजनी की घटना से ग्रामीणों में रोष
इस घटना के बाद से ही ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि दोषियों की जल्द से जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाया जाए। क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई है, और मामले की जांच जारी है।

0 Comments