उर्स-ए-नौगजा शहदाता रहमतुल्लाह अलैह का चंदिया में अकीदत के साथ संपन्न
पुष्पराजगढ़ विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक श्री फुंदेलाल जी दरगाह में की शिरकत और कि अमन चैन की दुआ
उमरिया/चंदिया | हजरत नौगजा शहदाता रहमतुल्लाह अलैह का सालाना उर्स इस वर्ष चंदिया (जिला उमरिया) में बड़े ही अकीदत, जोश और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। 15, 16 एवं 17 मई तक चले इस तीन दिवसीय उर्स में दूर-दराज़ से आए जायरीन ने बड़ी संख्या में शिरकत कर बाबा की दरगाह पर हाजिरी लगाई और दुआएं मांगी।
उर्स के दौरान दरगाह परिसर में चादरपोशी, फातिहा, कव्वाली और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जहां पूरी फिज़ा इबादत और सूफियाना कलाम से महक उठी। क्षेत्र में मेले जैसा माहौल देखने को मिला और हर वर्ग के लोगों ने मिल-जुलकर इस पवित्र आयोजन को सफल बनाया।
17 मई को उर्स का मुख्य आयोजन बड़े ही शानदार तरीके से सम्पन्न हुआ, जिसमें पुष्पराजगढ़ विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक श्री फुंदेलाल सिंह जी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दरगाह पहुंचकर बाबा की मजार पर चादर चढ़ाई और देश में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की के लिए दुआ की।
इस मौके पर उर्स कमेटी के सदस्यों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति रही। सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया, जिससे पूरा आयोजन शांति और सौहार्द के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
उर्स में आए जायरीन ने बाबा के दरबार में अपनी मुरादें पेश कीं और आपसी भाईचारे व एकता का संदेश दिया। यह उर्स एक बार फिर क्षेत्र में गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी सद्भाव की मिसाल बनकर सामने आया।


0 Comments