खैरहा में 83वां सालाना उर्स धूमधाम से सम्पन्न, अजीत कुमार शुक्ला के 75 वर्ष पूर्ण होने पर भव्य गोल्डन जुबली समारोह
शहडोल/खैरहा हजरत बाबा मकबूल शाह की आस्ताने पर आयोजित 83वां सालाना उर्स हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी पूरे श्रद्धा, आस्था और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। उर्स के इस पावन अवसर पर जहां दूर-दूर से जायरीन पहुंचे, वहीं कार्यक्रम के बीच एक ऐतिहासिक और भव्य आयोजन भी देखने को मिला।
गोल्डन जुबली समारोह ने बढ़ाई रौनक
31 मई को खैरहा में परम आदरणीय अजीत कुमार शुक्ला (अधिवक्ता, हाई कोर्ट) के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शानदार गोल्डन जुबली समारोह का आयोजन किया गया। यह आयोजन उर्स के बीच आकर्षण का केंद्र बना रहा, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लेकर कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।
सम्मान का विशेष क्षण
इस अवसर पर पुष्पराजगढ़ विधायक फुंदेलाल सिंह ने अजीत शुक्ला को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका सम्मान किया। इसके साथ ही धनपुरी सदर द्वारा भी शुक्ला जी को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विशेष रूप से देश के महान क्रांतिकारी अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद के पौत्र अमित आजाद की उपस्थिति रही, जिन्होंने भी शुक्ला जी को स्मृति चिन्ह भेंट कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में जनाब हिदायतुल्ला खान (जिला न्यायाधीश, इंदौर-देपालपुर) की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को और विशेष बना दिया।
उर्स कमेटी को मिला सम्मान
उर्स के शानदार और सफल आयोजन को देखते हुए उर्स कमेटी के सदर मोहम्मद इरशाद खान को ₹11,000 नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस आयोजन में कमेटी के उपाध्यक्ष मोहम्मद अख्तर, डॉ. मोहम्मद इम्तियाज खान सहित समस्त सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।
राजनीतिक व सामाजिक हस्तियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में जिले भर से कांग्रेस एवं भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति देखने को मिली, जिससे यह आयोजन सर्वधर्म और सर्वदलीय एकता का प्रतीक बन गया।
75 वर्षों की सेवा का सम्मान
अजीत कुमार शुक्ला का उर्स कमेटी से जुड़ाव पिछले 75 वर्षों से लगातार बना हुआ है। एक हाई कोर्ट अधिवक्ता होने के बावजूद उन्होंने हमेशा उर्स के कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कमेटी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहे। उनकी इसी समर्पित सेवा और योगदान के लिए उन्हें इस विशेष अवसर पर सम्मानित किया गया।
पहली बार हुआ भव्य आयोजन
ग्राम खैरहा में इस तरह का भव्य गोल्डन/डायमंड जुबली समारोह पहली बार आयोजित किया गया, जिसने पूरे क्षेत्र में उत्साह और खुशी का माहौल बना दिया। कार्यक्रम में अजीत शुक्ला को बधाई देने वालों का तांता लगा रहा और सभी ने उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
उर्स के इस आयोजन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता के ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने का काम करते हैं।



0 Comments