केशवाही वन परिक्षेत्र में बड़ी कार्रवाई: 20 हेक्टेयर वनभूमि से अतिक्रमण हटाया, 14 मड़िया/झाला किए गए ध्वस्त
केशवाही। दिनांक 3 जुलाई 2026 को वन परिक्षेत्र केशवाही अंतर्गत बीट खमरिया के कक्ष क्रमांक आरएफ 950 में वन विभाग द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। इस दौरान वनभूमि पर किए जा रहे अवैध कब्जे को हटाते हुए कुल 14 निर्मित मड़िया/झाला को ध्वस्त किया गया और लगभग 20 हेक्टेयर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उक्त क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा लगातार वनभूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए अतिक्रमणकारियों को पहले समझाइश दी। अधिकारियों ने ग्रामीणों को वन संरक्षण के महत्व के बारे में अवगत कराया और अवैध कब्जे के दुष्परिणामों को समझाया।
वन विभाग की समझाइश और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से अतिक्रमण हटाने की पूरी कार्रवाई शांतिपूर्वक संपन्न हुई। इस दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण मुक्त कराए गए क्षेत्र की सुरक्षा और पुनः कब्जा रोकने के लिए विभाग द्वारा ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। आगामी 2-3 दिनों के भीतर इस क्षेत्र में अतिक्रमणरोधी कंटूर ट्रेंच (खाई) खोदने का कार्य किया जाएगा, साथ ही वन संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए बीज बुवाई भी की जाएगी। इससे न केवल भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि हरित क्षेत्र का विस्तार भी किया जा सकेगा।
स्थानीय ग्रामीणों ने भी इस कार्रवाई में सहयोग करते हुए वन विभाग के प्रयासों की सराहना की। ग्रामीणों का कहना है कि वन क्षेत्र की सुरक्षा और संरक्षण सभी की जिम्मेदारी है और इस तरह की कार्रवाई से अवैध कब्जों पर रोक लगेगी।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी वनभूमि पर किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसी गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे वन संरक्षण में सहयोग करें और किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें।



0 Comments