जन सामाजिक संगठन का एक दिवसीय कार्यक्रम केसवाही मरखी माता मंदिर में संपन्न
जनहित के मुद्दों पर आवाज उठाने और समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने का लिया संकल्प
केसवाही, शहडोल। जन सामाजिक संगठन का एक दिवसीय कार्यक्रम केसवाही स्थित मरखी माता मंदिर परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संगठन से जुड़े पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की और आमजन की समस्याओं को प्रशासन के समक्ष उठाने की रूपरेखा तैयार की।
कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन का उद्देश्य गरीब, असहाय, बेरोजगार एवं विभिन्न समस्याओं से परेशान लोगों की आवाज को उचित मंच तक पहुंचाना है। संगठन द्वारा स्थानीय स्तर की समस्याओं को चिन्हित कर उन्हें संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर कलेक्टर से लेकर संभागीय स्तर पर अधिकारियों तक समस्याएं पहुंचाने की बात कही गई।
बताया गया कि केसवाही में आयोजित कार्यक्रम संगठन का जिले में पहला कार्यक्रम है। आगामी दिनों में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद जिला एवं संभाग स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित कर क्षेत्रीय समस्याओं और जनहित के मुद्दों को उठाने की योजना है।
इन मुद्दों को लेकर संगठन ने रखी मांगें
कार्यक्रम के दौरान संगठन की ओर से सरकार के समक्ष विभिन्न मांगें रखे जाने की बात कही गई। इनमें नशे पर प्रतिबंध के लिए कानून बनाने, जनसंख्या नियंत्रण के लिए कानून बनाने, महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रभावी कार्यक्रम, किसानों की फसलों की समर्थन मूल्य पर खरीदी, किसान एवं मजदूरों के कर्ज माफी तथा मजदूरों की मजदूरी में वृद्धि जैसी मांगें शामिल हैं।
संगठन के सदस्यों ने कहा कि इन मांगों के अलावा क्षेत्र की स्थानीय समस्याओं को भी प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा। संगठन का कहना है कि आम जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार भटकना न पड़े, इसके लिए उनकी समस्याओं को संबंधित विभाग एवं प्रशासन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान संगठन के आगामी कार्यक्रमों और कार्ययोजना को लेकर भी चर्चा की गई। केसवाही से जनहित के मुद्दों को लेकर संगठनात्मक गतिविधियों के विस्तार की शुरुआत किए जाने की बात कही गई।


0 Comments