Header Ads Widget

थाना सोहागपुर पुलिस द्वारा फर्जी नियुक्ति आदेश लगाकर ₹10.50 लाख का लोन लेने वाली महिला गिरफ्तार

 थाना सोहागपुर पुलिस द्वारा फर्जी नियुक्ति आदेश लगाकर ₹10.50 लाख का लोन लेने वाली महिला गिरफ्तार

स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की कुदरी रोड, बस स्टैंड शहडोल शाखा में फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत कर एक्सप्रेस क्रेडिट लोन प्राप्त करने के मामले में थाना सोहागपुर पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार किया है।

थाना सोहागपुर, जिला शहडोल में दिनांक 02/09/2026 को प्रार्थी क्रांति कुमार साहू, बैंक मैनेजर एसबीआई बैंक शाखा कुदरी रोड बस स्टैंड शहडोल द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।

 रिपोर्ट अनुसार आरोपिया बिशाखा दांगी पिता प्राणसिंह दांगी उम्र 36 वर्ष निवासी ग्राम मानेगांव पोस्ट जैतपुर कोपरा तहसील देवरी जिला सागर (म.प्र.) द्वारा बिजली विभाग में फर्जी नियुक्ति आदेश एवं फर्जी पेस्लिप सहित अन्य कूटरचित दस्तावेज प्रस्तुत कर कुल ₹10,50,500/- (दस लाख पचास हजार पाँच सौ रुपये) का एक्सप्रेस क्रेडिट लोन प्राप्त किया गया था। लोन राशि प्राप्त करने के पश्चात आरोपिया फरार हो गई थी तथा ऋण की किश्तें जमा नहीं कर रही थी।

थाना प्रभारी सोहागपुर अरुण पाण्डेय द्वारा विशेष टीम गठित की गई। टीम में सउनि संतोष कोल, प्रआर क्र. राजकुमार जायसवाल, प्रआर क्र. मुकेश पटेल एवं महिला आरक्षक मेनका धूमकेत शामिल रहे। टीम को सागर, भोपाल एवं नर्मदापुरम रवाना किया गया।

विवेचना के दौरान संबंधित विभागों से आरोपिया की नियुक्ति संबंधी जानकारी प्राप्त की गई, जिसमें नियुक्ति आदेश फर्जी पाया गया। तकनीकी साक्ष्य के आधार आरोपिया का पता कर दिनांक 21/02/2026 को नर्मदापुरम स्थित उसके किराये के मकान से गिरफ्तार कर थाना लाया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपिया ने जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि पैसों की आवश्यकता होने के कारण उसने नौकरीपेशा दर्शाकर अधिक राशि का लोन लेने की योजना बनाई। फरवरी 2025 में अपने लैपटॉप से ऑनलाइन एमपीईबी (बिजली विभाग) के पूर्व जारी आदेश डाउनलोड कर उन्हें एडिट कर स्वयं को अनूपपुर कार्यालय में लाइनमैन अटेंडेंट पद पर नियुक्त दर्शाते हुए फर्जी आदेश पत्र तैयार किया।

इसके पश्चात एसबीआई बैंक कुदरी रोड शाखा में फर्जी ऑफर लेटर, पेस्लिप एवं आईसीआईसीआई बैंक खाता स्टेटमेंट जमा कर धोखाधड़ी पूर्वक ₹10,50,500/- का लोन प्राप्त कर राशि का निजी उपयोग किया। आरोपिया को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। 

सराहनीय भूमिका- उक्त कार्य़वाही थाना प्रभारी सोहागपुर के नेतृत्व में, उपरोक्ता नुसार पुलिस टीम सोहागपुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment

0 Comments